आजमगढ़। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर गए जिले के सभी कोटेदारों का कार्य बहिष्कार दूसरे दिन मंगलवार को भी जारी रहा। इस दौरान कोटेदारों ने अपने-अपने क्षेत्र के गोदाम पर उपस्थित होकर अपनी दुकान के लिए लेने वाले राशन का मूल्य तो सरकारी खाते में जमा करा दिया, लेकिन राशन किसी ने नहीं उठाया। सस्ता गल्ला विक्रेता संघ आजमगढ़ के जिलाध्यक्ष त्रिभुवन यादव के मुताबिक प्रत्येक माह के 15 से 20 तारिख तक कोटेदार सरकार के खातों में रुपये जमा करते हैं। 20 से 30 तारिख तक राशन का उठान कर कार्ड धारकों को बांटते हैं। कोटेदारों के हड़ताल पर रहने की वजह से खातों में उठान वाले राशन का भुगतान जमा करा दिया गया, लेकिन अभी तक किसी भी गोदाम से उठान नहीं हुआ। जब तक सरकार हम लोगों की मांग नहीं मान लेती तब तक कोई भी कोटेदार राशन का उठान नहीं करेगा। इसीक्रम में अतरौलिया ब्लाक के कोटेदार प्रदेश कोषाध्यक्ष मुन्नीलाल गुप्ता के नेतृत्व में क्षेत्र के वितरण केंद्र पर धरना प्रदर्शन किया। इस अवसर पर अनिल कुमार यादव, राममिलन, हीरा वर्मा, रामजीत, विवेक कुमार, मार्कंडेय, संग्राम जायसवाल, कोदई आदि मौजूद रहे।