आजमगढ़। मुबारकपुर पालिका क्षेत्र के मोहल्ला कटरा निवासी शब्बीर अहमद पुत्र मो. साबिर ने शिकायत की थी कि वार्ड 18 से सभासद अब्दुल मजीद ने चुनाव के दौरान झूठा शपथ पत्र दाखिल किया था। डीपीआरओ ने मामले की शिकायत मिलने के बाद सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नगरीय निकाय को मामले की जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। मुबारकपुर नगरपालिका के मोहल्ला कटरा निवासी शब्बीर अहमद पुत्र मो. साबिर ने पांच दिसंबर को जिला पंचायतीराज अधिकारी से शिकायत की थी। आरोप लगाया था कि वार्ड-18 के सभासद अब्दुल मजीद ने नगरीय निकाय सामान्य निर्वाचन-2017 में नामांकन पत्र के साथ दाखिल शपथ-पत्र में अपनी चल-अचल संपत्ति के महत्वपूर्ण तथ्यों को छिपा लिया था। गलत जानकारी दी थी। डीपीआरओ आनंद प्रकाश ने मामले की जांच के निर्देश सहायक निर्वाचन अधिकारी नगरीय निकाय को दिए हैं। जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को प्रस्तुत करने को कहा है।