आजमगढ़। बिजली विभाग द्वारा सौभाग्य योजना के तहत शनिवार को जिले के पचास ग्रामों में मेगा कैंप का आयोजन किया जा रहा है। इस कैंप के माध्यम से उन लोगों को बिजली का कनेक्शन उपलब्ध कराया जाएगा जो अब तक बिना कनेक्शन के ही बिजली का उपभोग कर रहे है। दिसंबर के अंत तक हर घर को बिजली पहुंचने को लेकर शासन सख्त है। लगातार शासन स्तर से इसकी मॉनीटरिंग की जा रही है। इसके चलते बिजली विभाग भी पूरे जोरशोर से शासन की मंशा के अनुरूप हर घर बिजली कनेक्शन पहुंचने की कवायद में जुटा हुआ है। सौभाग्य योजना के तहत शनिवार को जिले के पचास ग्रामों में मेगा कैंप आयोजित किया जा रहा है। इसमें बिना कनेक्शन बिजली का उपभोग कर रहे और नये लोगों को नि:शुल्क बिजली का कनेक्शन वितरित किया जाएगा। एक्सईएन वितरण खंड प्रथम चंद्रेश कुमार उपाध्याय ने बताया कि विभाग के सभी छह खंडों में कैंप आयोजित होगा। इसमें प्रथम खंड में कम ग्राम रहेंगे। अन्य सभी खंड में कम से कम 9 से 10 ग्राम शामिल है। ऐसे कैंप का लगातार आयोजन होता रहेगा ताकि सभी जरूरतमंदों को बिजली का कनेक्शन उपलब्ध हो सके। सिर्फ एक आईडी व एक फोटो देकर कनेक्शन प्राप्त किया जा सकता है।