आजमगढ़। जिले में फसल अवशेष (पराली) जलाने और बिना अवशेष प्रबंधन उपकरणों के कंबाइन हार्वेस्टर से कटाई करने पर प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। राजस्व और कृषि विभाग की संयुक्त टीम लगातार खेतों का निरीक्षण कर रही है। वहीं पराली जलाने के छह मामले में 15 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। सोमवार को प्रभारी उपकृषि निदेशक डॉ. गगनदीप सिंह, सहायक विकास अधिकारी (कृषि) और क्षेत्रीय कर्मचारियों ने अतरौलिया ब्लॉक के कबीरुद्दीनपुर गांव में किसानों को पराली न जलाने के लिए जागरूक किया। अधिकारियों के अनुसार, रविवार को जिले में सेटेलाइट से पराली जलने की नौ घटनाएं चिह्नित हुई थीं, जिनमें से छह सही पाई गईं। इन मामलों में एनजीटी मानकों के तहत 15,000 रुपये जुर्माना वसूला गया। पराली जलाने की घटनाओं को रोकने में लापरवाही बरतने पर विभाग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए दस कार्मिकों और दस पर्यवेक्षकीय कर्मचारियों का वेतन भी अवरुद्ध कर दिया है।