आजमगढ़। जिले की आठ ब्लॉकों की 15 सहकारी समितियों पर सोलर लगाया जाएगा। शासन की तरफ से हर सहकारी समिति के लिए तीन-तीन किलोवाट का सोलर पैनल भेजा गया है। इसकी स्थापना होने के बाद सहकारी समितियों पर बिजली की समस्या दूर होगी। जिले में कुल 250 सहकारी समितियां हैं। शासन की तरफ से इनको डिजिटीलाइजेशन किया जा रहा है ताकि, सदस्य किसानों के साथ ही अन्य लोगों को भी इनका लाभ मिल सके। अब समितियों पर बिजली के लिए सोलर लगाने की भी व्यवस्था शुरू की गई है। एआर सहकारिता अजय कुमार ने बताया कि पल्हना ब्लॉक के जिगनी, हैबतपुर हरलाल, जमुई चक भटौली, रानी की सराय ब्लॉक की निजामाबाद, मेंहनगर ब्लॉक के रेंडा, मेंहनगर, विशुन रघुनाथपुर और डीहा समस्ती सहकारी समिति ठेकमा ब्लॉक की तियरी मनिराम, पसिका और मोहम्मदपुर ब्लॉक की मंगरावा सहकारी समिति सौर उर्जा से जगमग होगी। उन्होंने बताया कि हर समिति पर तीन- तीन किलोवाट का सोलर पैनल लगने के लिए आ गया है। संबंधित फर्म की ओर से जल्द ही इसे लगाने का काम किया जाएगा। इससे सहकारी समितियों पर बिजली की समस्या दूर होगी। बिल भरने का झंझट भी खत्म होगा।