आजमगढ़। मुबारकपुर और निजामाबाद के बाद अब आजमगढ़ पालिका में भी कान्हा गोशाला योजना की कवयाद नये सिरे से शुरू हो गई है। तमौली का प्रस्ताव कैंसिल होने के बाद चंद्रमा ऋषि आश्रम के नजदीक बंजर के साथ ही चारागाह की जमीन तलाश ली गई है। जिलाधिकारी ने मंगलवार को उक्त स्थल का निरीक्षण किया। नगरपालिका को उक्त जमीन पर नये सिरे से कान्हा गोशाला का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं। शासन के निर्देश पर मुबारकपुर पालिका के सराय फिरोज और निजामाबाद नगरपंचायत में कान्हा गोशाला के लिए लगभग 1.5-1.5 करोड़ का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जा चुका है। गोशाला के लिए आजमगढ़ नगर पालिका की ओर सो तमौली में जमीन तलाश कर प्रस्ताव तैयार किया गया था। लेकिन यहां पर सिर्फ चारागाह की जमीन होने से प्रस्ताव को जिलाधिकारी ने कैंसिल कर दिया था। अब प्रशासन की ओर से सदर तहसील के चंद्रमा मुनी आश्रम के पास मुजफ्फरपुर में जमीन तलाश कर ली गई है। मंगलवार को जिलाधिकारी शिवाकांत द्विवेदी ने जमीन का निरीक्षण किया। यहां बंजर खाते की 1.02 हेक्टेयर और लगभग 2.50 हेक्टेयर चारागाह की जमान मिली है। इसके बाद जिलाधिकारी की ओर से नगरपालिका को अब यहां नये सिरे से कान्हा गोशाला के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिया है। निर्देश के पालिका की ओर से प्रस्ताव तैयार करने की कवायद शुरू कर दी गई है।