फूलपुर। आजमगढ़-शाहगंज रेलखंड के बीच यूनीनेक मशीन द्वारा रेलवे ट्रैक के किनारे गिट्टी पैकिंग का कार्य किया जा रहा है। सोमवार को दीदारगंज रेलवे स्टेशन के पास 62 सी मुख्य रेल फाटक को लगभग तीन घंटे तक बंद रखा गया जिसकी वजह से इस मार्ग से होकर गुजरने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। फाटक के दोनों तरफ लगभग एक किमी दूर तक छोटे बड़े वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। गिट्टी पैकिंग के बाद रेलवे फाटक लगभग तीन बजे खुला, तब जाकर वाहन चालकों ने राहत की सांस ली। फाटक खुलने पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। इस संदर्भ में दीदारगंज सहायक स्टेशन मास्टर सतीश कुमार ने बताया कि रेलवे के निर्देश पर एक बजे से लेकर तीन बजे तक 62 सी को बंद किया गया था।