आजमगढ़। हिंद सेवादल निषाद सेना की बैठक अंबेडकर पार्क में शनिवार को प्रदेश सचिव राम प्रकाश निषाद की अध्यक्षता में हुई। बैठक में रोडवेज कर्मचारियों द्वारा की जा रही मनमानी पर रोक लगाए जाने की मांग की गई। जिला महासचिव प्रेम निषाद ने कहा कि रोडवेज विभाग के अधिकारियों की सह पर रोडवेज कर्मियों द्वारा रोडवेज परिसर को छोड़कर बसों को आड़ा-तिरछा रोडवेज तिराहे पर खड़ा कर देने से जाम की स्थिति प्रतिदिन उत्पन्न होती है। स्थानीय लोगों द्वारा मना करने पर कर्मचारी मारपीट के लिए आमादा हो जाते है। आगे उन्होंने बताया कि 28 दिसंबर को देवारा जदीद के उचित दर विक्रेता द्वारा की जा रही घटतौली को लेकर तीन सौ अट्ठासी ग्रामीणों ने हस्ताक्षर कर जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन दिया था। लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने निषाद समाज से जो वादा किया था, उससे मुकर गई है। इसका जवाब उन्हें निषाद समाज लोक सभा चुनाव में देगा। सभी समस्याओं पर 21 जनवरी को जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया जाएगा। बैठक में श्रीपति निषाद, छविराज निषाद, अंगद निषाद, रामभवन राम, राम प्रसाद निषाद, राजकुमार निषाद, लालसा निषाद आदि उपस्थित रहे। बैठक का संचालन रामनाथ निषाद ने किया।