उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की बैठक रविवार को डीएवी इंटर कालेज में जिलाध्यक्ष बृजेश कुमार राय की अध्यक्षता में हुई। उन्होंने बताया कि फैजाबाद के राजकीय इंटर कालेज में 28 से 30 जनवरी तक प्रांतीय सम्मेलन का आयोजन किया गया है। शिक्षा विभाग के अधिकारी शिक्षकों की लंबित समस्याओं पर ध्यान न देकर शिक्षकों का उत्पीड़न कर रहे हैं। समाधान जनवरी माह के अंदर नहीं किया गया तो संगठन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। उन्होंने सम्मेलन में शिक्षकों से शामिल होने की अपील की। जिला मंत्री विजय कुमार सिंह ने 28 जनवरी को प्रांतीय सम्मेलन का उद्घाटन मुख्यमंत्री की ओर से किए जाने की संभावना व्यक्त की। सम्मेलन के दूसरे दिन उप मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री डा.दिनेश शर्मा संबोधित करेंगे। बैठक के अंत में जिलामंत्री के पिता के निधन पर शोक व्यक्त किया गया। वशिष्ठ सिंह, दिवाकर तिवारी, मुन्नू यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष कमलेश राय, मिर्जा यासिर बेग, कल्पनाथ सिंह, संतोष कुमार, सुरेंद्र प्रताप राय सहित अनेक शिक्षक उपस्थित रहे।