आजमगढ़। शहीदों को अधिवक्ता संगठनों ने अपनी अलग-अलग बैठक कर श्रद्धांजलि दी। शुक्रवार को पूरे दिन संगठनों ने काम नहीं किया। दी डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अधिवक्ता सदस्यों की बैठक शुक्रवार को संघ भवन में अध्यक्ष जफर इकबाल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सीआरपीएफ के जवानों पर हुए फिदायीन हमलों की निंदा की। अधिवक्ताओं ने संघ भवन से मौन जुलूस निकालकर विरोध जताया। जुलूस कलेक्ट्रेट से नेहरूहॉल, एसपी कार्यालय होते संघ के सभागार में आकर समाप्त हुआ। अधिवक्ताओं ने शोक में न्यायिक कार्य नहीं किया। इसी क्रम में सेंट्रल बार एसोसिएशन के अधिवक्ता सदस्यों की संघ के सभागार में आद्या प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में शोक बैठक की। अधिवक्ताओं ने पाकिस्तान के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई कि ए जाने की मांग की। दो मिनट का मौन रखा गया। प्रस्ताव पारित कर पूरे दिन न्यायिक कार्य से विरत रहे। इसी प्रकरण को लेकर दीवानी न्यायालय अभिभाषक संघ के अधिवक्ताओं ने भी बैठक कर हमले की कड़ी निंदा की और शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। बैठक की अध्यक्षता ठाकुर प्रसाद त्रिपाठी ने की। इसी क्रम में दीवानी न्यायालय जूनियर अधिवक्ता संघ ने भी हमले की निंदा की। युवा अधिवक्ताओं ने अधिवक्ता विकास एडवोकेट के नेतृत्व में आतंकवाद और पाकिस्तान का पुतला फूंककर विरोध जताया और कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर अधिवक्ता गणों में शशिकांत पांडेय, प्रवीण सिंह, मनोज तिवारी, देवेंद्र यादव, अजय यादव सहित अनेक अधिवक्ता उपस्थित रहे।