अहरौला। सनातन संस्कृति रक्षा दल के तत्वावधान में तरकुलहा के सिद्ध हनुमान मंदिर पर मंगलवार को तुलसी आरती का भव्य आयोजन किया गया। जिसमें पुजारी राधे मोहनदास के नेतृत्व में पांच कन्याओं द्वारा तुलसी का शृंगार और तुलसी आरती कर तुलसी पूजन किया गया। इसके बाद शाम को भंडारे का आयोजन किया गया और लोगों में प्रसाद का वितरण किया गया। पुजारी राधे मोहन दास ने तुलसी के पौधे की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि तुलसी का पौधा चाहे वैज्ञानिक दृष्टि से चाहे धार्मिक दृष्टि से हमारे लिए जीवन दायक है। दरवाजे पर तुलसी का वृक्ष होने से जहां वातावरण स्वच्छ होता है वहीं परिवार में सुख समृद्धि और धन धान्य का आवागमन होता रहता है। तुलसी पूजन और तुलसी आरती से तमाम मनोवैज्ञानिक चीजें जुड़ी हुई हैं। इससे हमें विभिन्न प्रकार के लाभ परोक्ष अपरोक्ष रूप से होते रहते हैं, इसलिए हम 25 दिसंबर को प्रतिवर्ष तुलसी आरती और तुलसी पूजन करते हैं। सनातन धर्मियों को हमारा यह संदेश है कि वह अपने घर आंगन में तुलसी का वृक्ष अवश्य लगाएं। प्रतिदिन तुलसी की पूजा और आरती करें इससे कई तरह के वास्तु दोष और बाधा सभी दूर होते हैं। इस मौके पर पुजारी बृजेश गुप्ता, लालमोहन, राजधारी, रमेश, मदनलाल, कृष्णभान आदि उपस्थित थे।