मेंजवा। फूलपुर तहसील क्षेत्र के सिकंदर पट्टी गांव में बुधवार को सामाजिक संस्था फ्यूचर वेलफेयर फाउंडेशन के तत्वावधान में राष्ट्रीय अध्यक्ष बृजेश पांडेय के आवास पर बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ जागरूकता सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस दौरान उन्होंने कहा कि शिक्षा के अभाव में कन्या भ्रूण हत्या हो रही है। जिसकी रोक-थाम के लिए समाज के लोगों को जागरूक होकर बेटियों के महत्व को समझना होगा। बेटे और बेटियों को एक समान शिक्षा देनी चाहिए। जिला उपाध्यक्ष रोशनी सिंह ने महिलाओं की शक्ति पर बल देते हुए कहा कि देश की आजादी में महिलाओं ने विशेष योगदान दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ समाज का एक हिस्सा है। जिसे लोगों को फिल्मों के माध्यम से जागरूक किया जा रहा है। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नीरज शुक्ला ने कहा कि फाउंडेशन राष्ट्रीय स्तर पर मुहिम चलाकर लोगों को जागरूक करने का काम कर रही है। सचिव हरिशंकर पांडेय ने कहा फाउंडेशन गरीब तबके की बालिकाओं की हर तरह की सहायता करने के लिए सदैव तत्पर है। इस मौके पर श्रेया, महफूज, सत्यम मिश्रा, बादल तिवारी, इमोज खान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। संचालन प्रदेश सचिव महमूद अहमद ने किया।