आजमगढ़। रौनापार थाना क्षेत्र के बैदौली गांव निवासी रामआधार सिंह की गुरुवार को आई जांच रिपोर्ट में जानलेवा बुखार डेंगू का लक्षण पाए जाने से स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया। शुक्रवार को सीएमओ ने पूरे मामले की जांच करते हुए पीड़ित का बेहतर इलाज और पूरे घटनाक्रम का पूरा विवरण मांगा है। रामआधार सिंह दस दिन पूर्व राजस्थान प्रदेश में स्थित एक धार्मिक स्थल पर पूजापाठ करने गए थे। करीब चार दिन पूर्व वह राजस्थान से घर लौट आए। घर आने के बाद रामअधार सिंह को तेज बुखार हुआ। रामआधार के खून की जांच हुई। गुरुवार की शाम आई जांच रिपोर्ट में रामआधार को डेंगू का लक्षण पाया गया। नर्सिंग होम के डाक्टर ने उक्त जांच रिपोर्ट और डेंगू जैसे गंभीर बुखार की रोकथाम के लिए जांच रिपोर्ट को सीएमओ के सरकारी वेबसाइट पर विवरण लोड करवा दिया। शुक्रवार को इसकी जानकारी सीएमओ को हुई तो पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट मांगा है। सीएमओ डा. एसके त्रिपाठी ने बताया कि डेंगू की बेहतर जांच के लिए सिर्फ जिला अस्पताल में ही सेंटिनल लैब मौजूद है। रामअधार की जांच में यदि उसे डेंगू पाया गया तो उसका बेहतर इलाज और रोग की रोकथाम के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे।