आजमगढ़। 70 वर्षों के स्वतंत्र भारत के इतिहास में किसी भी सरकार ने जनहित के उद्देश्य से जनता को सीधा लाभ देने के लिए कोई भी अभियान एवं कल्याणकारी याजनाएं नहीं चलाईं। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं क्षेत्रीय मंत्री गोरखपुर सहजानंद ने शनिवार को सिविल लाइन स्थित कैंप कार्यालय पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी वर्ष समारोह के अंतर्गत 24 सितंबर को महर्षि दुर्वाषा धाम पर प्रात: नौ बजे से नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कैंप का आयोजन किया गया है। इस कैंप में विभिन्न रोगों से संबंधित एक दर्जन से अधिक डाक्टरों द्वारा स्वास्थ्य का परीक्षण किए जाने के बाद दवा भी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं के अलावा स्वच्छ भारत-स्वस्थ्य भारत का अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस 17 सितंबर से दो अक्तूबर तक चलता रहेगा। पार्टी अपने लोक संकल्प पत्र के अनुसार किए गए वादों को पूरा कर रही है। सरकार ने किसानों का कर्ज माफ कर अपने वादे पर अमल किया। सरकार ने किसानों को क्रय केंद्र के माध्यम से किसानों द्वारा उत्पादित फसल का अधिकतम बाजार मूल्य दिलाने का कार्य किया।