आजमगढ़ (ब्यूरो)।उत्तर प्रदेश खाद्य एवं रसद इंस्पेक्टर/आफिसर्स एसोसिएशन के तत्वावधान में शुक्रवार को संभागीय खाद्य नियंत्रक कार्यालय पर
विपणन निरीक्षकों/ क्षेत्रीय विपणन अधिकारियों के निलंबन और नौ सूत्री मांगों को लेकर कार्य बहिष्कार, धरना प्रदर्शन किया गया। इन्हें बिना शर्त बहाल किए जाने की मांग की गई। मंडलीय अध्यक्ष अनिल कुमार गुप्त ने कहा कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के सफल और पारदर्शी संचालन के लिए खाद्य विभाग आड़े आ रहा है। बिना वजह ही क्षेत्रीय विपणन अधिकारियों का उत्पीडऩ और दंडात्मक कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने अनावश्यक रुप से निलंबित किए गए विपणन निरीक्षकों और क्षेत्रीय विपणन अधिकारियों को बिना शर्त बहाल किए जाने की मांग किया। कहा कि जब तक इन्हें बहाल नहीं किया जाता और नौ सूत्री मांगों को पूरा नहीं किया जाता है तब तक कार्य बहिष्कार एवं धरना निरंतर जारी रहेगा। अंत में नौ सूत्री मांग पत्र संभागीय खाद्य नियंत्रक को दिया गया। इस मौके पर मंडलीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष इफ्तेखार शेख, सुधांशु शेखर चौबे, शिव शंकर यादव, ऋषिराज श्रीवास्तव, अनिल यादव, प्रेमलता मिश्रा आदि उपस्थित रही।