आजमगढ़ विकास प्राधिकरण द्वारा बनाए गई गुणवत्ताहीन सीढ़ियों की टाइल्स उखड़ रही है। संवाद
आजमगढ़। शहर को तीन ओर से घेरे जीवनदायिनी तमसा नदी के तट पर सिधारी में आजमगढ़ विकास प्राधिकरण की ओर से 1.25 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया गया पार्क हैंडओवर से पहले ही बदहाली का शिकार हो गया है। निर्माण कार्य पूरा होने और हैंडओवर से पहले ही पार्क में हुए निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। पाथ-वे जगह-जगह टूट गए हैं, टाइल्स उखड़ रही हैं। चहारदीवारी क्षतिग्रस्त हो गए हैं। हरियाली के नाम पर सरपत और खरपतवार उग आए हैं। विकास प्राधिकरण की ओर से साल 2023 में तमसा नदी के किनारे 1.04 हेक्टेयर क्षेत्रफल में पार्क का निर्माण शुरू कराया गया था। अवस्थापना निधि से करीब 1.25 करोड़ रुपये खर्च करके शहरवासियों के लिए पार्क बनाने की योजना थी। पार्क की दीवारों के ऊपर लगे लोहे के छड़ टूटकर गायब हो गए हैं। यह पार्क मंडलायुक्त कार्यालय से महज 150 मीटर की दूरी पर है।