मेजवां। फूलपुर और ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह शाम मौसम में ठंडक ने दस्तक दे दी है। सर्द हवाओं के चलते गलन बढ़ गई है। जिसके कारण सुबह के समय लोग ठिठुरते हुए दिख रहे हैं। ठंड बढ़नेे के साथ बाजारों में भी चहल पहल बढ़ गई है। सर्द हवाओं ने मौसम के मिजाज को बदल दिया है। सुबह और शाम के समय गलन काफी बढ़ गई है। बाक्सों में बंद लोगों की रजाइयां बाहर निकल आई है। दिन में कुछ देर के लिए ही सही धूप भी अच्छी लगने लगी है। लेकिन दिन में धूप के तीखेपन के कारण गर्म कपड़े बर्दाश्त नहीं हो रहे हैं। लेकिन दिन ढ़लते ही गलन इतनी बढ़ जा रही है कि बिना गर्म कपड़ों के बाहर निकले लोग घर पहुंचने की जल्दी में दिखे। गलन बढ़ते ही बाजारों में गर्म कपड़ों की खरीदारी को लेकर चहल-पहल काफी बढ़ गई है। गर्म कपड़ों की खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ दुकानों पर उमड़ रही है। नगर के एसकेपी इंटर कालेज परिसर में लगी खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी में भी लोगों की भीड़ उमड़ रही है। सीएचसी फूलपुर के डा. मोहम्मद अजीम का कहना है कि बच्चों को फूल आस्तीन का कपड़ा पहनाएं और कान को ढ़क कर रखें। खाने वाली ठंडी चीजों का प्रयोग करने से बचें।