कटानी बाजार। नगर पंचायत महाराजगंज में स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत गुरुवार को नगर के प्राथमिक विद्यालय से जनजागरूकता रैली निकाली गई। रैली को नगर पंचायत अध्यक्ष रेनू देवी, सीताराम कांदू और अधिशासी अधिकारी सुरेश कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में समस्त विद्यालयों के विद्यार्थी शामिल रहे। स्वच्छता से संबंधित स्लोगन लिखी तख्तियां लिए नारे लगाते हुए बच्चे आगे बढ़ रहे थे। ‘हम सबका नारा है शौच के लिए शौचालय ही जाना है’, ‘हम सब का यही है कहना साफ सफाई से है रहना’, ‘हम सब का यही है सपना स्वच्छ रहे भारत अपना’, ‘लोटा डब्बा छोड़ो शौचालय की ओर मुंह मोड़ो’, ‘स्वच्छता से नाता जोड़ो दवा से नाता तोड़ो’ जैसे नारे से लोगों को जागरूक किया गया। रैली नगर के प्रमुख चौराहों से होते हुए सभी वार्डों में पहुंची। मनोज कुमार सिंह, उदयराज यादव, लालचंद यादव, श्रीकांत मौर्य, श्रीराम विश्वकर्मा, हरेंद्र सिंह, उपस्थित रहे। कोतवाली प्रभारी दिनेश पाठक मय फोर्स रहे।