मेजवां। शाहगंज-मऊ रेल खंड पर प्रतिदिन चलने वाली बलिया-शाहगंज पैसेंजर (55138/55139) पिछले एक माह से चार से पांच घंटे विलंब से चल रही है। इसके चलते इस ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बलिया से चलने वाली पैसेंजर शाहगंज में रात 10 बजे तक पहुंचनी चाहिए, लेकिन ट्रेन आए दिन रात एक से डेढ़ बजे पहुंचती है। ट्रेन के शाहगंज पहुंचने पर ड्राइवर को आठ घन्टा विश्राम मिलता है। शाहगंज से बलिया पैसेंजर (55138) सुबह 6:10 पर चलनी चाहिए, लेकिन चालक पैसेन्जर को तुरन्त चलाने के लिए तैयार नहीं होते हैं। इसके चलते सवारी गाड़ी चार घन्टे से अधिक विलंब से चल रही है। ट्रेन के लेट होने से स्टेशन मास्टर से यात्रियों की नोक-झोंक होती रहती है। खुरासन रोड रेलवे स्टेशन पर बैठ पर यात्री राजेश, मिनहाज, अवधेश, साजिद ने बताया कि हम स्टेशन पर समय से आ गए थे, लेकिन तीन घन्टे से अधिक का समय हो गया है पैसेन्जर नहीं आई। इस संदर्भ में प्रबन्धक वरिष्ठ मंडल परिचालन वाराणसी ने बताया कि मामला सज्ञान में है। इसकी मानीटरिंग की जा रही है। जल्द ही अतिरिक्त (क्रू) चालक दल की व्यवस्था की जाएगी।