आजमगढ़। हिंदू युवा वाहिनी के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व संयोजक हरिवंश मिश्र ने शुक्रवार को जिला चिकित्सालय में व्याप्त अनियमितताओं को लेकर प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक से बातचीत की। व्यवस्था में सुधार न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। कलक्ट्रेट में ज्ञापन सौंपकर गरीबों की स्वास्थ्य सेवा में हो रही लापरवाही के बारे में जानकारी दी। ज्ञापन में बताया कि जिला चिकित्सालय अनियमितताओं, निरंकुशता और भ्रष्टाचार का पर्याय बना हुआ है। चिकित्सक गरीब, असहायों की उपेक्षा कर रहे हैं। बाहर की दवाइयां लिखी जा रही हैं। जांच और सोनोग्राफी के नाम पर भी बाहर भेज दिया जाता है। एंटी रैबीज इंजेक्शन के लिए आनाकानी की जाती है। कहा कि आने वाले दिनों में सभी हिंदू संगठन चिकित्सालय का निरीक्षण कर मरीजों से स्वास्थ्य सेवा के बारे में पूछताछ करेंगे। व्यवस्था नहीं सुधरी तो पूरे प्रकरण की शिकायत मुख्यमंत्री से की जाएगी। प्रतिनिधिमण्डल में हलधर दूबे, पप्पू चतुर्वेदी, भानव सिंह, सर्वेश, रामसकल चौहान, राजेश पाण्डेय, राहुल मिश्रा, राकेश सिंह, सूर्य प्रकाश यादव, राहुल यादव आदि लोग मौजूद रहे।