मिठाई का नमूना लेते खाद्य विभाग के अधिकारी। संवाद
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। आगामी त्योहार पर्व को ध्यान में रखते हुए आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ व जिलाधिकारी के आदेश पर विभिन्न प्रतिष्ठानों पर एफडीए (फूड एंड ड्रक एडमिनिस्ट्रेशन) द्वारा छापेमारी की गई। टीम ने अलग-अलग बाजारों से 12 नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में एक टीम ने छतवारा स्थित विभिन्न प्रतिष्ठानों से दूध, रंगीन मिठाई, खोया, मसाले का नमूने लिए। हाईडिल चौराहा से कलाकंद, मिल्ककेक, सिधारी से एक नमकीन का नमूना भी लिया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी राकेश कुमार शुक्ला के नेतृत्व में परानापुर आरटीओ स्थित विभिन्न प्रतिष्ठानों से सोन पापड़ी, छेने की मिठाई का नमूना तथा एसडीएम मेंहनगर के नेतृत्व में तीसरी टीम ने मेंहनगर स्थित विभिन्न प्रतिष्ठानों से दूध, छेने की मिठाई, गुलाब जामुन का नमूना लिया। टीम ने मिष्ठान विक्रेता को प्रतिष्ठान में साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए। मिठाईयों पर अनिवार्य रूप से उपयोग की तिथि अंकित करने को कहा। बताया कि छापेमारी जारी रहेगी। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमरनाथ, प्रेमचंद्र, कीर्ति आनंद, राम बुझावन चौहान, अंकित कुमार, संजय कुमार सिंह एवं खाद्य सहायक अनिल कुमार शामिल रहे। मेंहनगर : एसडीएम संत रंजन के नेतृत्व में टीम ने मिठाई की दुकानों से जांच के लिए नमूने लिए। कई दुकानदार टीम को देख दुकानें बंद कर फरार हो गए। टीम ने गुलाब जामुन, खोए से बनी मिठाइयों की सैंपलिंग की। इन्हें जांच के लिए लखनऊ भेजा जाएगा। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रेमचंद, आरबी चौहान, आरबी यादव मौजूद रहे।