इटौरा स्थित जिला कारागार में एक बार फिर 12 मोबाइल व 97 पुड़िया गांजा बरामद हुआ है। जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज व पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के औचक निरीक्षण के दौरान यह बरामदगी हुई है। जिस पर जिलाधिकारी ने जांच करा कर दोष निर्धारण करने और दोषियों पर प्रशासनिक व वैधानिक कार्रवाई किए जाने का निर्देश दिया है। पुलिस व प्रशासनिक अमले को लगातार यह शिकायत मिल रही थी कि जेल से मोबाइल पर बात हो रही है। जिस पर डीएम व एसपी ने मंगलार की शाम अचानक कारागार पर पहुंच कर औचक निरीक्षण करने लगे। डीएम व एसपी के जेल पर निरीक्षण को पहुंचने की जानकारी होते ही बंदियों के साथ ही बंदी रक्षकों व जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया।
निरीक्षण के दौरान जेल में एक दो नहीं बल्कि पूरे दर्जन भर संख्या में मोबाइल फोन व चार्जर बरामद हुए। इसके साथ ही जेल की बैरकों से अधिकारियों ने बीड़ी-सिगरेट, लाइटर मोबाइल सिम के अलावा 97 पुड़िया गांजा भी बरामद किया। मोबाइल के साथ गांजा जेल से बरामद होते ही डीएम-एसपी का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया।
जेल के अधिकारियों से जब इस बाबत पूछताछ की गई तो कोई संतोषजनक उत्तर नहीं मिला। अधिकारियों ने तत्काल इसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को प्रेषित कर दिया। दिन में साढ़े बारह बजे से ही डीएम-एसपी एक साथ निकले थे और फिर नेटवर्क से बाहर हो गए। मीडियाकर्मी लगातार किसी बड़ी कार्रवाई का अंदेशा लगा रहे थे।
देर शाम इसका खुलासा जेल में छापेमारी की कार्रवाई के रूप में हुआ। इस छापेमारी की कार्रवाई के दौरान एडीएम प्रशासन, एडीशनल एसपी के अलावा एसओजी टीम भी शामिल रही। प्रत्येक बैरक की गहन तलाशी ली गई। डीएम विशाल भारद्वाज ने कहा कि जेल का मंगलवार को औचक निरीक्षण किया गया। जिसमें 12 मोबाइल व चार्जर के अलावा कई आपत्तिजनक सामग्रियां बरामद हुई है। उत्तरदायित्व का निर्धारण कर संबंधितों के खिलाफ प्रशासनिक व वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।