आजमगढ़। सगड़ी तहसील क्षेत्र के बिलरियागंज ब्लाक के छीही गांव की राजभर बस्ती में शराब की दुकान खोले जाने के विरोध में महिला समिति के तत्वावधान में सोमवार को जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर शराब की दुकान बंद कराए जाने का अनुरोध किया गया है। महिलाओं ने बताया कि बस्ती में जहां शराब की दुकान खोली गई उसी रास्ते से महिलाओं का आना-जाना बराबर रहता है। शराब पीने वाले आने-जाने वाली महिलाओं पर कुदृष्टि डालने के साथ ही छींटाकशी करते है। जब से गांव में शराब की दुकान खुली है तब से नित्य मारपीट होती रहती है। महिलाओं ने बताया कि शराबियों द्वारा मचाए जाने वाले आतंक और शराब की दुकान के बारे में बिलरियागंज थाने को भी प्रार्थना पत्र देकर अवगत कराया चुका है। इस मौके पर गीता देवी, उषा, सुनीता, चिंता, सीमा, उर्मिला, गुड्डी, सुशीला, शीला, रिंकू, नीतू सहित अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं।