आजमगढ़। प्रदेश सरकार की ओर से जनपद में राज्य आवासीय विश्वविद्यालय की मांग की अनदेखी करने के विरोध में सोमवार से निकाली जा रही बहिष्कार यात्रा जिले के सभी 8 तहसीलों, 10 विधानसभाओं और 22 ब्लाकों का भ्रमण करेगी। इसमें अधिक से अधिक युवाओं से सम्मिलित होने की अपील की गई है। छात्र नेताओं की बैठक रविवार को शिब्ली इंटर कालेज के पास हुई। इसमें बहिष्कार यात्रा के संयोजक एवं शिब्ली कालेज के छात्रनेता अमित कुमार सिंह ने विवि अभियान के अंतर्गत निकाली जा रही बहिष्कार यात्रा में तीन दिसंबर को पूर्वाह्न 9:30 बजे एसकेपी इंटर कालेज पहुंचने का आह्वान किया। छात्रनेता अबु हाशिम ने कहा कि जनपद में विवि हमारा हक़ है, जिसे हम लेकर रहेंगे। विवेक राय ने बहिष्कार यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में सम्मिलित होने की अपील की। छात्रनेता रामभवन यादव, दिनेश रघुवंशी, बहिष्कार यात्रा के प्रभारी संदीप कुमार ने कहा कि जनता की मांग को अनसुना करने पर बहिष्कार यात्रा निकालनी पड़ रही है। शशि कुमार, शौनक साहू, समर प्रताप सिंह, कृष्णकांत यादव, बादल सिंह, मो. शारिक, शौर्य सिंह कौशिक, प्रणव उपाध्याय, ऋषभ राय, मो. अहमद, अरविंद राय, विपुल यादव आदि उपस्थित रहे।