आजमगढ़। जनपद में राज्य आवासीय विश्वविद्यालय की मांग को लेकर पल्हनी ब्लाक के बसिरपुर गांव के श्री मुखराम सिंह स्मारक विद्यालय के शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शन और नारेबाजी की। वक्ताओं ने कहा कि सरकार निजी के स्थान पर जनपद के लिए राज्य विवि की घोषणा करें। 12वीं की छात्रा गरिमा यादव ने कहा कि मेरे पास निजी संस्थान में उच्च शिक्षा पाने के लिए पैसा नहीं है। ऐसे मे मेरी आगे की पढ़ाई आसान नहीं है। प्रबंधक संजय सिंह ने कहा कि गांव के बच्चे खासकर छात्राएं बड़ी मुश्किल से विद्यालय आ पाती हैं। इन बच्चों के लिए बाहर जाकर पढ़ना या किसी महंगे निजी संस्थान में अध्ययन करना दूर का सपना है। प्रदेश सरकार को आजमगढ़ में निजी विश्वविद्यालय देने की बजाए राज्य आवासीय विश्वविद्यालय देने पर विचार करना चाहिए। 31 अक्तूबर को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा के आजमगढ़ में निजी विश्वविद्यालय संबंधी बयान देने से जनपद के युवाओं निराशा हुई थी। प्रेमनारायण तिवारी, अजय कुमार सिंह, जेपी मौर्या, सतीश यादव, पुष्पा सिंह, विजय कुमार सिंह, खुशबू यादव, दुर्गा गौतम, संध्या कुमारी, अंजली यादव, पूजा यादव आदि उपस्थित रहे।