आजमगढ़। युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग द्वारा सुखदेव पहलवान स्टेडियम में चल रहे ग्रामीण खेल-कूद प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी कमलेश कुमार सिंह ने गुब्बारे और कबूतर उड़ाकर किया। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी मुद्रिका पाठक ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। तीन हजार मीटर दौड़ प्रतियोगिता में तरवां विकास खंड के सुजीत राजभर और महिला वर्ग में ठेकमा विकास खंड की किरन वर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार पंद्रह सौ मीटर की दौड़ में तरवां विकास खंड के मिथिलेश ने और महिला वर्ग में ठेकवां विकास खंड की शिखा सिंह प्रथम रही। आठ सौ मीटर की दौड़ में तरवां विकास खंड के मिथिलेश और महिला वर्ग में विकास खंड बिलरियागंज की रानी राय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। ऊंचीकूद में फूलपुर विकास खंड के शिवम प्रथम रहे। लंबी कूद में बिलरियागंज के रविंद्र यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। गोलाफेंक अहिरौला के गुलाब सिंह प्रथम रहे तो डिस्कस थ्रो में कोयलसा के पूर्णानंद सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार महिला वर्ग में ऊंची कूद में डिंपल प्रथम रही। वालीबाल प्रतियोगिता में अजमतगढ़ टीम प्रथम, कोयलसा द्वितीय, महराजगंज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी राजनेत सिंह, बृजेश राय, जगदीश प्रसाद, श्रीकांत सिंह, दयाराम यादव आदि उपस्थित रहे।