आजमगढ़। हर बूथ पर कम से कम 50 नए मतदाताओं को जोड़ने का काम बूथ लेवल एजेंट करें। इसके साथ ही सभी बूथ कमेटियों के गठन का कार्य जल्द से जल्द पूरा कर लिया जाए। मतदाता पुनरीक्षण कार्य में पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता सहयोग करें। अधिक से अधिक लोगों को मतदाता बनाए और बोगस मतदाताओं का नाम सूची से कटवाएं। उक्त बातें भाजपा के प्रदेश महामंत्री पंकज सिंह ने शुक्रवार को सर्किट हाऊस में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान कहीं। उन्होंने कहा कि मतदाता पुनरीक्षण में पार्टी के बूथ लेवल कमेटी के पदाधिकारियों के साथ ही सभी कार्यकर्ता सहयोग करें। ऐसे मतदाता जिनकी उम्र 18 साल हो गई है और उनका नाम अब तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है, उनका नाम दर्ज कराने के लिए बूथ लेवल एजेंट बीएलओ से मिल कर पूर्ण सहयोग करें। पार्टी सभी बूथों पर 50 नये मतदाता का नाम शामिल कराने का लक्ष्य लेकर चल रही है। जिसमें 25 दलित व पिछड़े वर्ग के तथा 25 में अन्य शामिल है। जिले में 3943 बूथ है और इन बूथों पर कुल 1 लाख नए मतदाताओं को शामिल कराने का लक्ष्य निर्धारित है। मतदाता पुनरीक्षण में बूथ लेवल पदाधिकारियों की ज्यादा जिम्मेदारी होती है, ऐसे में बूथ के पदाधिकारी इस कार्य में पूर्ण सहयोग करें। बैठक के दौरान उन्होंने बूथों के सत्यापन व पुर्नगठन कार्य की भी समीक्षा किया। भाजपा चार हजार बूथ जिले में बनायी है। जिसमें लगभग 2 हजार बूथों पर 21 सदस्य ी बूथ कमेटी का गठन किया जा चुका है। इस कमेटी में एक अध्यक्ष, दो मंत्री, दो उपाध्यक्ष व एक महामंत्री के साथ ही कुल 21 लोग शामिल है। प्रदेश महामंत्री ने शेष बचे बूथों पर भी जल्द ही 21 सदस्यीय कमेटी के गठन का निर्देश जिला कमेटी को दिया। बूथ कमेटी के सदस्यों में से पांच ऐसे सदस्यों का अलग से चुनाव होगा, जिनके पास बाइक होगी और इनकी बाइक को पार्टी कभी भी पार्टी के कार्यों में प्रयोग कर सकेगी। इसके साथ ही प्रत्येक बूथ पर एक कार्यक्रम प्रमुुख की नियुक्ति की जाएगी जो पार्टी के पांच प्रमुख कार्यक्रमों को समय-समय पर संचालित कराएगी। बैठक में जिलाध्यक्ष जयनाथ सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रेम प्रकाश राय, अखिलेश मिश्रा, कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा, ब्रजेश यादव, देवेंद्र सिंह, लक्ष्मण मौर्या के साथ ही सभी मंडलों के अध्यक्ष व पुनरीक्षण कार्य में लगाए गए पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।