आजमगढ़। जिलाधिकारी चन्द्रभूषण सिंह ने गुरुवार को शीतकालीन भ्रमण के दौरान बिलरियागंज के ग्राम अकबरपुर में चौपल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के वास्तविक क्रियान्वयन के बारे में जानकारी ली और स्थलीय सत्यापन किया। प्राथमिक विद्यालय में बनाए गए आदर्श स्वच्छ शौचालय और बाल-बालिका हस्त प्रक्षालय का उद्घाटन किया। चौपाल में अनु पस्थित पांच अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए।इस मौके पर जिलाधिकारी ने सभी लोगों से घरों में स्वच्छ शौचालय बनवाने और उसका प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया। कहा कि खुले में शौच करना बीमारी को आमन्त्रित करना है। जिन अधिकारियों का वेतन रोका गया उसमें उसमें मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, अधिशासी अभियन्ता, सिंचाई, विद्युत, सहायक निबन्धक सहकारिता और शिक्षा विभाग के अधिकारी शामिल हैं। निर्देश दिये कि 24 घंटे के अन्दर पशुओं का टीकाकरण हो और नहरों के टेल तक पानी शीघ्र पहुंचना चाहिए। जिला कृषि अधिकारी को निर्देश दिए कि गांव में शिविर लगाकर किसानों को मृदा परिक्षण कार्ड बनवाएं। उन्होंने कहा कि सरकारी जमीन, चकरोड, तालाब आदि पर अतिक्रमण को श्रावस्ती मॉडल की तर्ज पर हटाया जाएं। इस मौके पर उपजिलाधिकारी सगड़ी रवि रंजन, सीएमओ डॉ. एसके तिवारी, पीडी डीडी शुक्ल, सूचनाधिकारी अंजनी कुमार मिश्र, डीडीओ विजय कुमार, डीपीआरओ जेके उपस्थित रहे।