आजमगढ़। जिलाधिकारी चंद्र भूषण सिंह ने सभी बैंकर्स को निर्देश दिए हैं कि शासकीय योजनाओं से संबंधित प्रकरणों का निस्तारण एक सप्ताह के अंदर कर दें। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला सलाहकार एवं जिला समीक्षा समिति की बैठक में कहा कि राज्य सरकार के निर्णय के अनुसार अगले पांच वर्षों में प्रदेश में 25 हजार नई बैंक शाखा स्थापित की जानी है। पांच हजार से अधिक आबादी के 11 आवंटित केंद्र पर बैंक शाखा स्थापित करनी थी। काशी गोमती संयुत ग्रामीण बैंक को आवटित दो केन्द्रों पर शाखा पिछले वित्तीय वर्ष में ही खोली जा चुकी है। अन्य बैंक अगले तिमाही तक बचे नौ आवंटित केंद्रों पर शाखा खोलना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में सीमांत किसानों की आबादी 70 प्रतिशत एवं उससे अधिक है। यंत्रीकृत खेती को बढ़ावा देने के लिए बैंको की ओर से पर्याप्त और समय पर ऋण दिया जाए। जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना आदि की विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए।