आजमगढ़। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष और जनपद न्यायाधीश हसनैन कुरैशी के निर्देशानुसार शनिवार को मेहनगर तहसील में जिला विधिक साक्षरता और जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा की सचिव मौसमी मद्धेशिया ने कहा कि विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य गरीब पात्रों को नि:शुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराना है। मेहनगर तहसीलदार ओम प्रकाश त्रिपाठी ने गरीबों के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। रिटेनर अधिवक्ता सीएल निगम ने विधि सेवा प्राधिकरण अधिनियम के तहत गरीबों को मिलने वाली नि:शुल्क विधिक सहायता के बारे में जानकारी दी। स्थायी लोक अदालत की सदस्य रंजना मिश्रा, अवनीश चंद्र मिश्रा ने स्थायी लोक अदालत की कार्यप्रणाली के बारे में लोगों को बताया। इस अवसर पर तहसील बार के मंत्री रमेश ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस मौके पर तहसील बार के सभी पदाधिकारी, अधिवक्तागण और वादकारी उपस्थित रहे।