आजमगढ़। 25 जनवरी को होने वाले राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर कार्यक्रमों के बृहद स्तर आयोजित करने की रणनीति बनाई जा रही है। गुरुवार को उपजिला निर्वाचन अधिकारी और आकांक्षा समिति के पदाधिकारी इसको लेकर मंथन करते रहे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्र सिंह ने बताया कि केंद्रीय निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 25 जनवरी को नौवें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाना है। जनपद स्तर पर 19 से 25 जनवरी तक कार्यक्रम एवं प्रतियोगिताएं आयोजित की जानी है। इसमें 20 जनवरी को पतंग प्रतियोगिता, 21 जनवरी को मेंहदी प्रतियोगिता, 22 जनवरी को पेंटिंग प्रतियोगिता, 23 जनवरी को रंगोली प्रतियोगिता, 24 जनवरी को जागरूकता रैली और 25 जनवरी को सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इसके अंतर्गत 24 जनवरी को कलेक्ट्रेट आजमगढ़ से श्रीकृष्ण गोशाला तक जागरूकता रैली निकाली जानी है। उक्त रैली में विभिन्न विभागों की ओर से झांकी प्रस्तुत किया जाना है। इसे लेकर डीएम की अध्यक्षता में 19 जनवरी को शाम चार बजे कलेक्ट्रेट सभागार में एक बैठक आयोजित की गई है। समस्त कार्यालयाध्यक्षों अपने विभाग से संबंधित झांकी निकालने के निर्देश दिए गए हैं।