आजमगढ़। सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश के अनुपालन के क्रम में 14 साल की सजा काट चुके बंदियों की रिहाई की कवायद जिले में शुरू हो गई है। बुधवार को जेल में हुई कमेटी की बैठक के समक्ष ऐसे 11 बंदी पेश किए गए, जिनका नाम अब आगे बढ़ाया जाएगा। शासन की अनुमति के बाद रिहाई की कवायद शुरू होगी।
जेलर विकास कटियार ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय की एक गाइड लाइन है। जिसमें 14 साल की सजा काट चुके बंदियों को रिहा करने का आदेश है। इसके अनुपालन को लेकर जेल में बनी चार सदस्यी कमेटी की बुधवार को बैठक हुई। इस कमेटी में डीएम व एसपी भी शामिल है। इस कमेटी के समक्ष आजमगढ़ जेल में बंद ऐसे 11 बंदियों को पेश किया गया। जिन्होंने 14 साल की सजा काट लिया है। अब कमेटी का चिह्नित किए गए इन 11 बंदियों के नाम जेल मुख्यालय भेजा जाएगा। वहां भी बनी चार सदस्यी कमेटी इन नामों पर विचार के बाद अपनी रिपोर्ट शासन को उपलब्ध कराएगी। शासन द्वारा अनुमति के बाद इन बंदियों को जेल से रिहा करने की कार्रवाई की जाएगी।