11 फूलपुर ब्लाक सभागार में क्षेत्र पंचायत की बैठक में मौजूद लोग। संवाद
फूलपुर/अंबारी। फूलपुर क्षेत्र पंचायत की बैठक शुक्रवार को ब्लॉक सभागार में ब्लॉक प्रमुख अर्चना यादव की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में पिछली कार्यवाही की पुष्टि करते हुए विकास से जुड़े नए प्रस्तावों पर चर्चा की गई। क्षेत्र पंचायत सदस्यों और ग्राम प्रधानों द्वारा प्रस्तुत किए गए 104 प्रस्तावों को सदन ने पारित किया। सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं रखते हुए कहीं सड़क, कहीं नाली और कहीं नाले की समस्या से अवगत कराया। प्रधानों ने परिवार रजिस्टर की नकल एवं जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने के नाम पर सुविधा शुल्क मांगने का आरोप भी लगाया। इस पर ब्लॉक प्रमुख और बीडीओ ने मामले में सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि ग्राम सचिव रोस्टर के अनुसार पंचायत भवन में बैठकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनें और आवश्यक अभिलेख उपलब्ध कराएं। अवर अभियंता देवेंद्र प्रताप सिंह ने बिजली संबंधी समस्याओं पर कहा कि उपभोक्ता सीधे उनसे संपर्क करें या 1912 हेल्पलाइन पर कॉल करें। उन्होंने बताया कि मीटर रीडिंग और निर्बाध विद्युत आपूर्ति को लेकर नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्साधिकारी डॉ. मोहम्मद अजीम ने स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि टीबी रोगियों को मुफ्त इलाज के साथ सरकार की ओर से एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। साथ ही नसबंदी के लिए विशेष शिविर भी आयोजित किए जा रहे हैं। ब्लॉक प्रमुख अर्चना यादव ने सभी का आभार व्यक्त किया। संचालन उमाशंकर ने किया। इस अवसर पर प्रधान संघ अध्यक्ष अमित यादव, उमाशंकर यादव, अनीता गौड़, सुरेंद्र कुमार सिंह यादव आदि मौजूद रहे।