मेजवां। कस्बा स्थित नए मछली मार्केट के पास स्थापित 250 केवीए का ट्रांसफार्मर रविवार को बारिश के बीच धूं-धूं कर जल उठा। इसके चलते 300 से अधिक घरों की बिजली गुल हो गई। घरों में अंधेरा पसरा है। लोग बिजली, पानी और अन्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। कस्बे में लगे ट्रांसफार्मर में रविवार की बारिश के दौरान सुबह 10 बजे आग लग गई। तेज धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने लाइनमैन इम्तियाज और सुनील राय को फोन पर सूचना दी। मौके पर पहुंचे लाइनमैनों ने मिट्टी और पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया गया। आग पर काबू नहीं पाया जा सका। इस दौरान ट्रांसफार्मर जल कर खराब हो गया। लाइनमैनों ने ट्रांसफार्मर जलने की जानकारी जेई को दी। ट्रांसफार्मर जलने से घरों के टंकी का पानी समाप्त हो गया। अकील, आसरे, प्रकाश, बृजेश, राजेश, अनिल, पप्पू, अखिलेश ने बिजली विभाग से शीघ्र ट्रांसफार्मर बदलने की मांग की है।