आजमगढ़। नगर के सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम में शनिवार को दो दिवसीय जनपद स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। प्रतियोगिता का शुभारंभ सीडीओ कमलेश कुमार सिंह और एडीएम प्रशासन नरेंद्र सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्जवलन कर किया। प्रतियोगिता के 50 मीटर दौड़ में फूलपुर और लालगंज ने बाजी मारी। मुख्य अतिथि जिलाधिकारी शिवाकांत द्विवेदी ने कहा कि खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अति आवश्यक है। खेलों के माध्यम से बच्चों का शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक विकास होता है। बच्चों द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रम की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि ग्रामीण परिवेश से जुड़े परिषदीय बच्चों में असीम क्षमता और संभावनाएं होती हैं, उचित एवं सही मार्ग दर्शन से ग्रामीण प्रतिभाएं उभर कर सामने आती हैं। ऐसे में बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता बहुत महत्वपूर्ण है। अध्यक्षता करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि बच्चे इस राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं। शिक्षक अपने ज्ञान के माध्यम से बच्चों की अज्ञानता को दूर कर रहे हैं वह प्रशंसा के पात्र हैं। बीएसए देवेंद्र कुमार ने कहा कि दो दिवसीय जनपद स्तरीय बेसिक क्रीड़ा प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न तहसीलों से आए बच्चों के बीच विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी। हमारे गुरुजनों के सक्रिय प्रयास से जनपद की शिक्षा व्यवस्था में सुधार हो रहा है। सह संयोजक महेंद्र प्रसाद, क्रीड़ा प्रभारी अशोक कुमार गौतम, विश्वजीत कुमार, सुनील चौबे, जनार्दन यादव, दीनानाथ साहनी, राजेश कुमार ने सभी का माल्यार्पण और बैज लगाकर स्वागत किया। प्राथमिक स्तर की 50 मीटर बालक वर्ग की दौड़ में प्राथमिक विद्यालय पूक फूलपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया और बालिका वर्ग में प्राथमिक विद्यालय चेवार पश्चिम लालगंज की अल्पना ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर केदार यादव, अनिता साइलेस, वंश बहादुर सिंह, अतुल सिंह, मनोज कुमार त्रिपाठी, राकेश मणि त्रिपाठी, संतोष राय, कृष्ण कुमार उपाध्याय आदि उपस्थित थे।