आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र के मतौलीपुर गांव निवासी पिंटू राय पुत्र स्व. हरिकेशर राय ने गुरुवार को प्रमुख सचिव को शिकायती पत्र सौंपा। जिसमें उन्होंने गांव के ही एक व्यक्ति पर अपने पिता के स्थान पर फर्जी अभिलेख के सहारे दूसरे व्यक्ति द्वारा मुआवजा लेने की बात कही। शिकायत के बाद भी सिधारी पुलिस द्वारा अब तक एफआईआर दर्ज न करने का आरोप लगाया। उन्होंने प्रमुख सचिव को बताया कि उनके पिता स्व. हरिकेशर राय के नाम से आराजी नंबर 471 का राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 233 के लिए अधिग्रहण हुआ। इसी बीच उसके पिता स्व. हरिकेशर राय की तबियत खराब हो गई और उनकी मौत हो गई। इस बीच उसके चाचा के लड़के ने बैंक कर्मचारियों और सरकारी कर्मचारियों को मिलाकर फर्जी अभिलेख और उसके पिता के स्थान पर अपनी फोटो लगाकर 47 लाख 56 हजार 296 रुपये का मुआवजा प्राप्त कर लिया। जब हमें इस बात की जानकारी हुई तो हमने इस बारे में पूछताछ किया तो उक्त लोगों द्वारा जान से मारने की धमकी दी गई। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक और एसओ सिधारी को शिकायती पत्र सौंपा गया लेकिन अब तक इन लोगों द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। कार्रवाई न होने से इनके हौसले काफी बढ़े हुए हैं और इन लोगों द्वारा जान से मारने की धमकी दी जा रही है। प्रमुख सचिव नितिन रमेश गोकर्ण ने पूरे प्रकरण की जांच कराकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।