आजमगढ़। डीएवी पीजी कालेज प्रशासन पर छात्रों ने प्रवेश के नाम पर अवैध वसूली किये जाने का आरोप लगाया है। छात्रों ने जिलाधिकारी को पत्रक सौंप कर अवैध वसूली के आरोप की जांच करा कर कार्रवाई की मांग किया। डीएम को सौंपे पत्रक में छात्रों ने कहा कि महाविद्यालय प्रशासन प्रवेश के नाम पर प्रति छात्र पांच-पांच सौ रुपये की वसूली कर रहा है। प्रवेश शुल्क के नाम पर छात्रों से वसूले गये धन को किस मद में खर्च किया जाता है महाविद्यालय प्रशासन यह भी कभी नहीं बताता है। इतना ही नहीं 2009 से प्रति वर्ष छात्रों से वार्षिक पत्रिका के नाम पर पैसा जमा कराया जाता है, लेकिन प्रति वर्ष पत्रिका का प्रकाशन नहीं होता है। 2009 के बाद 2017 में महाविद्यालय ने पत्रिका का प्रकाशन कराया। इतना ही नहीं क्रीड़ा, पंखा, बिजली, पानी आदि मद में भी छात्रों से धनराशि वसूल की जाती है, लेकिन छात्रों को सुविधाएं न के बराबर मिलती है। छात्रों ने कहा कि इस महाविद्यालय में गरीब परिवार के बच्चें पढ़ने के लिए आते है, ऐसे में महाविद्यालय प्रशासन द्वारा छात्रों से किये जा रहे आर्थिक दोहन पर तत्काल लगाम लगाया जाये। जो भी आरोप है उसकी जांच करा कर महाविद्यालय प्रशासन पर कार्रवाई की जाये। पत्रक देने वालों में महेंद्र यादव, शशि कुमार, दुर्गेश यादव, शिवम गुप्ता, दीपक पाठक आदि छात्र शामिल रहे।