आजमगढ़। नाबार्ड योजना के तहत जनपद में चार राजकीय बालिका इंटर कॉलेजों का निर्माण हो रहा है। उनमें दो विद्यालयों का पूरा पैसा मिलने के बाद भी कार्यदायी संस्था द्वारा निर्माण पूरा न करने पर डीएम ने परियोजना प्रबंधक सहित तीन सहायक और तीन अवर अभियंताओं को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण मांगा है। जिला विद्यालय निरीक्षक डा. वीके शर्मा ने बताया कि नाबार्ड योजना के तहत कार्यदायी संस्था पैकफेड द्वारा राजकीय बालिका इंटर कालेज अजमतगढ़, राजकीय बालिका इंटर कालेज बगवार, राजकीय बालिका इंटर कालेज बरवां और राजकीय बालिका इंटर कालेज सरायमीर का निर्माण कराया जा रहा है। दो विद्यालयों राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कनैला और राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरायपुल के निर्माण के लिए संपूर्ण धनराशि अवमुक्त होने के बाद भी विद्यालय निर्माण में विलंब पाया गया। इस पर जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने कार्यदायी संस्था के परियोजना प्रबंधक, तीन सहायक अभियंताओं और तीन अभियंताओं को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण मांगा है।