लाटघाट। बाढ़ क्षेत्रों में बने शौचालयों की मरम्मत सहित अन्य मांगों को लेकर बुधवार को सगड़ी तहसील के रोशनगंज ढाला पर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया।
ग्रामीण अरविंद यादव, भवानी यादव, हनुमान यादव, दीप कुमार यादव, पप्पू विश्कर्मा, शंभू यादव, सूरी यादव चंद्रभूषण, विमलेश यादव ने कहा कि एक तरफ सरकार स्वच्छता अभियान के तहत गांवों में शौचालयों का निर्माण करा रही है। वहीं बाढ़ क्षेत्र में बने शौचालय की स्थिति दयनीय है। लोग सड़क की पटरियों पर शौच करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का आरोप था कि बाढ़ क्षेत्र होने के कारण सरकार ने रैन बसेरा के समीप शौचालय का निर्माण कराया है। जिसकी हालत काफी खराब है। गंदगी के चलते उसमें कोई नहीं जाता है। ग्रामीणों ने कहा कि इसके लिए ब्लाक पर अधिकारियों से शिकायत की गई। लेकिन मांग को अनसुना कर दिया गया। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द शौचालय की सफाई कराकर उसे चालू कराने की मांग की है।