रामपुरभगन/बीकापुर। गुंधौर-सोनखरी मार्ग पर रविवार सुबह सड़क हादसे में मिट्टी ढोने वाले डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। इस घटना में बाइक पर सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
हादसा सुबह करीब 9:30 बजे कोतवाली बीकापुर सीमा पर तारुन क्षेत्र के गुंधौर-सोनखरी मार्ग पर सूल्हेपुर मोड़ के पास हुआ। तारुन के कनकपुर झगरौली निवासी सुरेंद्र कुमार निषाद (26), अरविंद कुमार (22) और हिमांशु (20) घर से बाजार जा रहे थे। इसी दौरान एक अनियंत्रित डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। सूचना मिलने पर रामपुर भगन चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और डंपर को कब्जे में ले लिया। घायलों को एंबुलेंस से बीकापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉ. अनुराग गुप्ता ने सुरेंद्र को मृत घोषित कर दिया। अरविंद और हिमांशु की की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां अरविंद की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है।
बीकापुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अमरेंद्र बहादुर सिंह भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक युवक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस दुखद घटना से मृतक के परिवार में मातम छा गया। परिजनों के अनुसार, तीनों युवक बाजार जा रहे थे, लेकिन इस हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं।