गोसाईगंज। कोतवाली क्षेत्र के तेलियागढ़ स्थित ठंडी सड़क प्रजापति गली में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान बलराम कसौधन (32) पुत्र ओमप्रकाश कसौधन के रूप में हुई है, जो स्थानीय बाजार में एक प्रतिष्ठान पर कार्यरत था। बताया जा रहा है कि रविवार दोपहर वह तबीयत खराब होने की बात कहकर काम से घर लौट आया था। शाम को उसकी पत्नी मायके से लौटकर दरवाजा खोलने के लिए आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कुंडी बंद होने के कारण दरवाजा नहीं खुला।
सूचना पर पहुंचे परिजनों ने दरवाजा तोड़ा तो बलराम का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।