बहन किसी से प्रेम करती है, जानकारी हुई तो छोटे भाई ने कुल्हाड़ी से वार करके हत्या कर दी। दृश्य देखकर घरवाले दहल गए। घटना से घर में चीख पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यूपी के अयोध्या में शनिवार को छोटे भाई ने कुल्हाड़ी से वार करके बड़ी बहन की हत्या कर दी। घटना से घर में चीख पुकार मच गई। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विज्ञापन
घटना पटरंगा थाना क्षेत्र के मटौली का पुरवा गांव की है। रुदौली सीओ आशीष निगम ने बताया कि गांव निवासी चंद्रभान यादव रौजा गांव चीनी मिल में काम करते हैं। उनके चार बच्चे हैं। बड़ा बेटा और एक बेटी बाहर रहकर तैयारी करते हैं। छोटा बेटा और बेटी घर पर ही रहकर पढ़ाई करती थी । शनिवार को चंद्रभान दर्शन के लिए मथुरा गए थे। मां भाग्यमता पशुओं के चारा के लिए भूसा लेने गई थीं। इसी दौरान छोटे भाई ने बड़ी बहन रेनू (22) की हत्या कर दी।
इंस्पेक्टर शशिकांत यादव ने बताया के मामला प्रेम प्रसंग का है। परिजनों से पूछताछ में पता चला है कि रेनू किसी लड़के से अक्सर मोबाइल पर बात करती थी। इसका छोटा भाई विरोध करता था। शनिवार सुबह भी फोन पर बातचीत को लेकर भाई-बहन में विवाद हुआ था। इस बीच दोपहर करीब दो बजे घर पर कोई नहीं था। इसी दौरान छोटे भाई ने कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार करके रेनू की हत्या कर दी।