बीकापुर। कोतवाली क्षेत्र के मोतीगंज बाजार में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक की पहचान मोतीगंज बीकापुर निवासी जितेंद्र श्याम (25) के रूप में हुई है, जो घर में अकेले रहते थे। परिजनों के अनुसार, 22 मई से उनका फोन बंद आ रहा था, जिससे परिवार चिंतित था। शुक्रवार देर शाम उनके रिश्तेदार शिव अर्जुन जब घर पहुंचे, तो जितेंद्र का शव बरामदे में बांस के सहारे चारपाई के पट्टे से लटका मिला। शव काफी पुराना प्रतीत हो रहा था और शरीर काला पड़ चुका था। सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। मोतीगंज चौकी प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जितेंद्र दो भाइयों में छोटे थे, उनका बड़ा भाई दिल्ली में रहता है। जितेंद्र भी दिल्ली में काम करते थे और बीते अप्रैल में घर आए थे। घटना के समय उनके माता-पिता दिल्ली में थे। मृतक के जीजा शिव अर्जुन ने बताया कि कुछ दिन पहले जितेंद्र का किसी युवती से विवाद हुआ था। प्रभारी निरीक्षक अमरेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।