गोसाईगंज सीएचसी में बिलखते मृतक के परिवारीजन।-संवाद
गोसाईगंज (अयोध्या)। गोसाईगंज कोतवाली क्षेत्र के राजापुर स्थित नहर के पास चोरी के शक में दो लोगों ने युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। जबकि, दूसरे साथी को मरणासन्न कर दिया। घायल युवक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने होमगार्ड समेत दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
रविवार की दोपहर लगभग दो बजे कोतवाली क्षेत्र के राजापुर गांव स्थित एक स्कूल के पास नहर के किनारे दो युवक घायलावस्था में पड़े मिले। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों को सीएचसी गोसाईगंज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया।
गंभीरावस्था में दूसरे युवक का इलाज चल रहा है। मृतक की पहचान गोसाईगंज कस्बे के तेलियागढ़ निवासी कासिम के पुत्र रेहान (32) व घायल की पहचान अंकारीपुर निवासी वेदप्रकाश सिंह के पुत्र आशुतोष सिंह (30) के रूप में हुई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने आक्रोश जताते हुए कार्रवाई की मांग की।
घायल आशुतोष के भाई रूपम सिंह ने दर्ज एफआईआर में बताया कि क्षेत्र के रहने वाले अनुज यादव और होमगार्ड दिलीप यादव ने अपने साथियों के साथ मिलकर उनके भाई आशुतोष और उसके दोस्त रेहान को चोरी का आरोप लगाकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। उनके भाई को पीटते हुए किश्रीपुर नहर तक ले गए और मृत जानकर छोड़ दिया।
पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला, हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज करके छानबीन शुरू की है। अस्पताल पहुंचकर घायल आशुतोष का बयान भी दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक परशुराम ओझा ने बताया कि केस दर्ज करके आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं। मामले की जांच की जा रही है।