अयोध्या। नगर कोतवाली क्षेत्र के हैदरगंज रेलवे क्रॉसिंग पर बुधवार की देर रात पड़ोसी के मुकदमेबाजी व अन्य कारणों से तंग आकर एक युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। नगर कोतवाल अश्विनी पांडेय ने बताया कि क्षेत्र के घोसियाना पहाड़गंज निवासी जियाउल्ला के पुत्र मो. अहमद (23) का पड़ोस में कुछ लोगों से विवाद चलता है।
परिजनों के अनुसार इसी से परेशान होकर बुधवार की देररात लगभग 09:30 बजे युवक हैदरगंज रेलवे क्राॅसिंग के पास ट्रेन के आगे कूद गया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां ड्यूटी पर तैनात डॉ. वीरेंद्र वर्मा ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों की ओर से तहरीर मिलते ही आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करके अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।