अयोध्या। सरयू में नौका संचालन पर लगी रोक बरकरार रखी गई है। सावन मेले के दौरान नौका संचालन पर प्रशासन ने रोक लगा दी थी। शुक्रवार को सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी ने नाविकों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने नाविकों को नियम-कायदे समझाते हुए सख्त हिदायत दी कि बिना रजिस्ट्रेशन के नाव चलाने पर कार्रवाई की जाएगी। हर नाविक को नाव पर लाइफ जैकेट रखना अनिवार्य होगा। अभी सरयू का जलस्तर उफान पर है, जलस्तर कम होने के बाद नाव संचालन शुरू होगा।
पिछले दिनों एक नाव सरयू में पलट गई थी, जिसमें एक युवती की डूबने से मौत हो गई थी। नाव पर क्षमता से अधिक लोग सवार थे। इसके बाद सरयू में नौका संचालन पर रोक लगा दी गई। सरयू में 180 से अधिक नाविक नाव चलाते हैं, इनमें से आधे का रजिस्ट्रेशन ही नहीं था। अब नाविकों के रजिस्ट्रेशन की कार्रवाई चल रही है। इसको लेकर सीओ अयोध्या ने शुक्रवार को नाविकों के साथ बैठक भी की। बताया कि करीब 130 नाविकों के रजिस्ट्रेशन की कार्रवाई पूरी हो गई है। 50 से 60 नाविक हैं जिनका रजिस्ट्रेशन नहीं है। उनसे तत्काल रजिस्ट्रेशन कराने को कहा गया है।
नाविकों को लाइफ जैकेट के बिना नाव न चलाने, क्षमता से अधिक यात्री न बैठाने की भी हिदायत दी गई है। नाबालिगों को नाव संचालन की अनुमति नहीं दी जाएगी। सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक ही नाव संचालन की अनुमति होगी। मौसम व त्योहारों को देखते हुए इस समय सीमा में बदलाव किया जा सकता है। जानकारी मिली थी कुछ बाहरी लोग भी सरयू में नौका संचालन कर रहे हैं। इस पर तत्काल रोक लगाने को कहा गया है।