पूर्व आईपीएस राजेश पांडेय का नाम सबसे आगे, योगेश्वर राम मिश्र ने दावेदारी की चर्चा को नकारा
अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के पहले मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति में अब महिला नेतृत्व का नाम भी चर्चा के केंद्र में आ गया है। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबिता सिंह चौहान का नाम संभावित दावेदारों में सामने आने से सीईओ पद को लेकर चल रही चर्चाओं ने नया रुख ले लिया है। हालांकि, संभावित नामों में पूर्व आईपीएस अधिकारी राजेश पांडेय का नाम फिलहाल सबसे प्रमुख बताया जा रहा है।
सीईओ के लिए सामने आ रहे नामों में बबीता सिंह के अलावा बिहार के पूर्व डीजीपी डॉ. परेश सक्सेना का नाम भी शामिल बताया जा रहा है। ट्रस्ट को सर्च कमेटी की रिपोर्ट सौंपे जाने के बाद संभावित नामों को लेकर चर्चाएं तेज हुई हैं। अब ट्रस्ट को इन नामों में से अंतिम चयन करना है। आईएएस दिनेश चंद्र का भी नाम चर्चा में है।
वहीं, पूर्व आईएएस योगेश्वर राम मिश्र के नाम की भी चर्चा हुई, लेकिन उन्होंने इसका खंडन किया है। योगेश्वर राम मिश्र ने स्पष्ट किया कि सीईओ पद के लिए उनके नाम की चर्चा सही नहीं है।