अयोध्या। दशरथ पथ के किनारे पानी भरे गड्ढे में बुधवार को सुबह सात बजे एक अज्ञात महिला का शव मिला। महिला के गले पर धारदार हथियार से चोट के निशान हैं। पुलिस ने आसपास के इलाके का निरीक्षण करने के साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ की। करीब डेढ़ घंटे तक फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर जांच की।
महिला की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस शव की शिनाख्त कराने में जुटी है और आसपास के थानों से गुमशुदगी की जानकारी भी जुटाई जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी ने बताया कि महिला की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया है। पहचान होने के बाद आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
बैग में हरी सब्जियां और कपड़े मिले
महिला के पास से मिले बैग की तलाशी लेने पर उसमें हरी सब्जियां, कपड़े समेत अन्य सामान बरामद हुआ है। बैग से करीब 350 रुपये भी मिले हैं। पुलिस बरामद सामान के आधार पर महिला की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
चार घंटे पुराना लग रहा शव
पुलिस के अनुसार, महिला के पास हरी सब्जी भी बरामद हुई है और पानी में रहने के बाद भी शव फूला हुआ नहीं था। ऐसे में शव चार से पांच घंटा पुराना लग रहा है।