अयोध्या। शहर कोतवाली क्षेत्र की एक महिला ऑनलाइन साइबर ठगी का शिकार हो गई। आरोप है कि मैक्स अस्पताल, लखनऊ में अपॉइंटमेंट के लिए गूगल से नंबर खोजकर कॉल करने पर जालसाजों ने भुगतान लिंक और मोबाइल एप के जरिये उसके बैंक खाते से करीब दो लाख रुपये निकाल लिए। पीड़िता पुष्पा देवी ने कोतवाली नगर में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
तहरीर के अनुसार, 30 जुलाई को माता के इलाज के लिए अपॉइंटमेंट के नाम पर व्हाट्सएप वीडियो कॉल के माध्यम से पहले पांच रुपये टोकन मनी जमा कराई गई। इसके बाद एक एप डाउनलोड कराया गया। आरोप है कि दो और तीन अगस्त के बीच उनके बैंक ऑफ इंडिया खाते से 22 बार में अनधिकृत लेनदेन कर करीब दो लाख रुपये निकाल लिए गए। पीड़िता ने 1930 साइबर हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई थी। उनका कहना है कि यह रकम पुत्री की पढ़ाई की फीस के लिए रखी गई थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।