अमानीगंज। खंडासा थाना क्षेत्र के डू़ंडी गांव में शनिवार शाम बिजली चमकने और बादलों की गर्जना के सदमे में बेहोश हुई महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया गया कि बिंदु (40) पत्नी नाथूराम कोरी बारिश के दौरान अपने बच्चों को बुलाने गई थी। इसी बीच आसमान में बिजली चमकी और जोर से गर्जना हुई, जिससे डर वह बेहोश हो गईं। परिजन उन्हें लेकर सीएचसी खंडासा पहुंचे, जहां से चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज दर्शन नगर रेफर किया। वहां पर चिकित्सकों ने गंभीर हालत देखते हुए लखनऊ के लिए रेफर कर दिया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। मृतका के दो बच्चे हैं। पति हाथ से दिव्यांग है। महिला की मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रभारी थानाध्यक्ष संदीप कुमार सिंह ने बताया कि गरज चमक के सदमे से महिला बेहोश हो गई थी, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई है।